पंजाब की राजनीति में फिर लगी आग ‘सूखी’ एसवाईएल नहर से, सियासी दलों में आया उबाल

0
513

चंडीगढ़ : ‘सूखी’ पड़ी सतलुज यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) को लेकर पंजाब की राजनीति में एक बार फिर से आग लग गई है। आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता के बयान से पंजाब के सियासी दलों में उबाल आ गया है और विपक्ष ने भगवंत मान सरकार को निशाने पर ले लिया है।

आप के राज्य सभा सदस्य सुशील गुप्ता बोले, एसवाईएल के खेतों से होगी हरियाणा के खेतों की सिंचाई  

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य व हरियाणा के प्रभारी सुशील गुप्ता ने कहा है कि साल 2025 तक हरियाणा के सभी खेतों में एसवाईएल के पानी से सिंचाई होगी। इस बयान को लेकर पंजाब में शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस, पंजाब लोक कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विपक्ष ने राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।

विपक्ष ने सीएम भगवंत मान को घेरते हुए पूछा, पंजाब के दरिया का पानी छोड़ने की गारंटी क्या उनकी सहमति से दी गई

सुशील गुप्ता के बयान से पंजाब में आम आदमी पार्टी की नई बनी सरकार के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है। क्योंकि, एसवाईएल पंजाब में लंबे समय से हाट मुद्दा रहा है। पंजाब में आप की सरकार बनने के बाद से ही राजनीतिक दल मुख्यमंत्री भगवंत मान से एसवाईएल पर अपना स्टैंड स्पष्ट करने को लेकर दबाव बनाते रहे हैं। ऐसे में सुशील गुप्ता के बयान ने आग में घी का काम किया है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा, चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकने वाली आम आदमी पार्टी की संदिग्ध सोच के चलते पानी को लेकर पंजाब के हितों से समझौता हो सकता है। वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूछा कि दुश्मन हमारे दरवाजों पर खड़े हैं, आपकी क्या तैयारियां हैं।

पंजाब लोक कांग्रेस के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बालीवाल ने गुप्ता के बयान की निंदा की और कहा कि पंजाबियों को पता है कि सरकार की परवाह किए बिना अपने अधिकारों की रक्षा कैसे किया जाता है। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब के पानी पर पंजाब का अधिकार था और रहेगा और कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पानी के मुद्दे पर अपना रुख नहीं छोड़ा है, इसलिए भगवंत मान को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता डाा. दलजीत सिंह चीमा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा कि वह पंजाबियों को बताएं कि सुशील गुप्ता द्वारा दी गई गांरटी कि पंजाब के दरिया का पानी हरियाणा के हर खेत क्षेत्र में पहुंचेगा, क्या उनकी सहमति से दी गई है?

चीमा ने कहा,‘ दिल्ली के सांसद, जो हरियाणा से हैं, इस तरह की गारंटी तभी दे सकते हैं, जब उन्हें आप पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा ऐसा करने के लिए अधिकृत किया गया हो। भगवंत मान को इस मुद्दे पर तुरंत अपना रूख स्पष्ट करना चाहिए, क्योंकि पंजाब कभी भी आम आदमी पार्टी को हरियाणा में चुनावी लाभ के लिए अपने बुनियादी हितों को बदलने की अनुमति नही देगा।’

कहीं घुटने मत टेक देना मान साहब: सुभाष शर्मा

भाजपा महासचिव डाा. सुभाष शर्मा ने गुप्ता द्वारा हरियाणा को दी गई गारंटी पर टिप्पणी करते हुए भगवंत मान से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या गारंटी उन्हें पूछकर दी गई थी। शर्मा ने कहा कि आप पंजाब का पानी हरियाणा और दिल्ली तक ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के दबाव में पंजाब के हितों को दरकिनार करते हुए मान साहिब घुटने मत टेक देना।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि आप पंजाब में माहौल खराब करना चाहती है। पंजाब के पास अतिरिक्त पानी नहीं है, आप पंजाब को बंजर बनाना चाहती है और पंजाबियों को आपस में लड़ाना चाहती है। ग्रेवाल ने कहा कि आप का असली पंजाब विरोधी, किसान विरोधी चेहरा सामने आ गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here