नेशनल : महारानी एलिजाबेथ के निधन पर केंद्र सरकार ने 11 सितंबर को राजकीय शोक घोषित किया है। दरअसल, भारत सरकार ने फैसला किया है कि ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद पूरे भारत में 11 सितंबर को एक दिन का राजकीय शोक होगा।
वहीं इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एलिजाबेथ द्वितीय को भावभीनी श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय एक ऐसी कद्दावर हस्ती थीं, जिन्होंने अपने देश और लोगों को प्रेरणादायी नेतृत्व प्रदान किया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर शुक्रवार को शोक जताते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा व कर्तव्य के सिद्धांतों का एक प्रतीक है। महारानी का स्कॉटलैंड स्थित बाल्मोरल कैसल में बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 96 वर्ष की थीं। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन से दुनिया ने एक अनुकरणीय नेतृत्व को खो दिया। उनका जीवन सेवा व कर्तव्य के सिद्धांतों का एक प्रतीक है। यह एक युग का अंत है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और ब्रिटेन के लोगों के साथ हैं।
इसके अलावा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर शुक्रवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अपने बेहद लंबे शासनकाल में उन्होंने ब्रिटेन को कई तरीके से बदलते देखा। महारानी का स्कॉटलैंड स्थित बाल्मोरल कैसल में बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 96 वर्ष की थीं।