साइरस मिस्त्री कार दुर्घटना: दोनों घायलों को मुंबई के अस्पताल में कराया गया भर्ती

0
264

मुंबई:  मुंबई में एक सड़क हादसे में घायल हुईं प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ अनाहिता पंडोले और उनके पति डेरियस पंडोले को सोमवार को गुजरात के वापी शहर से सड़क मार्ग से मुंबई के एक अस्पताल में ले जाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकरी दी। इस हादसे में टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मौत हो गयी थी।

रविवार दोपहर महाराष्ट्र के पालघर जिले में साइरस मिस्त्री की लग्जरी कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई थी जिसमें कार की पिछली सीट पर बैठे मिस्त्री (54) और जहांगीर पंडोले की मौत हो गई। प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ अनाहिता पंडोले (55) कार चला रही थीं और उनके पति डेरियस पंडोले (60) भी उनके साथ आगे की सीट पर बैठे थे। हादसे में दोनों घायल हो गए और उन्हें वापी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अधिकारी ने बताया कि सोमवार को दोनों घायलों को सड़क मार्ग से मुंबई ले जाया गया। मिस्त्री और जहांगीर पंडोले के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पहले ही मुंबई के सरकारी जेजे अस्पताल भेज दिया गया है। पालघर के कासा पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत जानलेवा दुर्घटना का मामला दर्ज किया है।

जहांगीर पंडोले टाटा समूह की कंपनियों के पूर्व स्वतंत्र निदेशक डेरियस पंडोले के भाई थे। चारों व्यक्ति रविवार को गुजरात से मुंबई लौट रहे थे, तभी उनकी कार मुंबई से 120 किलोमीटर दूर चरोटी नाका के पास सूर्या नदी पर एक पुल पर डिवाइडर से टकरा गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here