मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुखपाल खैहरा गिरफ्तार, दिल्ली में हो सकती है पूछताछ

0
448

चंडीगढ़। तेजपाल। विधानसभा हलके भुलत्थ से पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी ड्रग्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में की गई है। खैहरा दो दिन से ईडी के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में जांच में शामिल हो रहे थे। गिरफ्तारी के बाद चंडीगढ़ सिविल अस्पताल में उनका मेडिकल करवाया गया।

सुखपाल सिंह खैहरा 2017 में आम आदमी पार्टी से विधानसभा चुनाव लड़कर विधायक चुने गए थे। इससे पहले उन्होंने पंजाब एकता पार्टी भी बनाई थी। इसी साल अगस्त में पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में खैहरा कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

मनी लॉन्ड्रिंग और ड्रग्स से जुड़ा मामला
सुखपाल सिंह खैहरा के खिलाफ मनी लाॉन्ड्रिंग और ड्रग्स से जुड़ा मामला चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद उनसे अगली पूछताछ दिल्ली स्थित प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय में होगी। इससे पहले खैहरा के घर पर भी ईडी ने जांच की थी।

ईडी ने खैहरा के घर मारे थे छापे

केंद्रीय जांच एजेंसी़ ने 9 मार्च 2021 को सुखपाल खैहरा के चंडीगढ़, भुलत्थ स्थित घर समेत उनके तमाम ठिकानों पर दबिश दी थी। छापों से पहले ही उनकी बेटी की शादी हुई थी। तब खैहरा ने आरोप लगाया था, ‘विरोधी पक्ष के लोग उनके खिलाफ षड्यंत्र रचकर फंसाने का प्रयास कर रहे हैं।’ खैहरा ने बताया कि ईडी के अधिकारी उनके घर से मोबाइल फोन और बेटी की शादी के लिए खरीदे सामान की रसीद तक ले गए।

नशे के मामले में चल रही थी कार्रवाई

सुखपाल खैहरा के खिलाफ फाजिल्का की अदालत ने केस चलाने की मंजूरी दी थी। इसके बाद से वह सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर थे। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि अदालत में पेश करने के दौरान ही ईडी इसका खुलासा करेगी। इस मामले के कारण ही खैहरा को नेता प्रतिपक्ष का पद छोड़ना पड़ा था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here