IPL 2022 ऑक्शन: लखनऊ की टीम पर लगी 7090 करोड़ की बोली, जानिए इसके मालिक के बारे में

0
518

खेल जगत। न्यूज़ डेस्क। संजीव गोयनका के आरपीएसजी ग्रुप ने आईपीएल 2022 के लिए लखनऊ की टीम खरीदी है। सोमवार को दुबई में ऑक्शन के दौरान आरपीएसजी ग्रुप ने लखनऊ पर 7090 करोड़ की बोली लगाई, जो कि सबसे ज्यादा थी। इसके बाद बीसीसीआई ने उन्हें इस टीम का मालिकाना हक दे दिया है। इकाना स्टेडियम लखनऊ की टीम का होम ग्राउंड हो सकता है। यह ग्रुप इससे पहले भी आईपीएल में टीम खरीद चुका है। साल 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स की टीम इसी ग्रुप के पास थी। यह टीम दो साल तक आईपीएल में खेली थी और एक बार फाइनल में भी पहुंची थी।

यह टीम खरीदने के बाद संजीव गोयनका ने कहा “आईपीएल में वापसी करके बेहद खुश हैं। यह इंतजार काफी लंबा था। इस बोली के लिए हमने काफी प्लान किया था। मैं लीग में शामिल होने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करना चाहूंगा। यह वापसी बेहद सुखद है।”

ज्यादा नहीं है 7090 करोड़ की राशि

जब संजय गोयनका से पूछा गया कि आईपीएल की एक फ्रेंचाइजी के लिए 7090 करोड़ की राशि ज्यादा नहीं है। तब उन्होंने कहा कि जब पहली बार आईपीएल में टीमें खरीदी गईं थी तब भी ऐसी ही बातों कही गई थी। देखिए अब वो फ्रेंचाइजी कहां हैं। सबसे जरूरी यह है कि हमने अपना अनुमान सही लगाया था। इसे लेकर हम काफी खुश हैं। वहीं टीम बनाने को लेकर उन्होंने कहा “हमें विश्वास है कि बीसीसीआई हमें पुराने मालिकों की बराबरी पर लाएगा। हमें किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। हमें इससे पहले भी आईपीएल में नई टीमें बनाने का अनुभव है। हमने ऐसी ही हालातों में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स की टीम बनाई थी। यह अनुभव हमारे काम आएगा और हम अच्छी स्थिति में होंगे।”

क्या है आरपीएसजी ग्रुप

आरपीएसजी ग्रुप ने इससे पहले राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स की फ्रेंचाइजी भी खरीदी थी। साल 2016 और 2017 में चेन्नई सुपर किंग्स के बैन होने पर यह टीम आई थी। धोनी की कप्तानी में पुणे की एक बार फाइनल में भी पहुंची थी। इस ग्रुप के आईटी सर्विसेस, मीडिया एंड इंटरटेनमेंट, कंज्यूमर एंड रिटेल, एजुकेशन और स्पोर्ट्स सेक्टर में कई बिजनेस हैं। इंडियन सुपर लीग में भी आरपीएसजी ग्रुप का निवेश है। आईएसएल में इस ग्रुप ने कोलकाता की फ्रेंचाइजी खरीदी है। इसके साथ ही देश की दिग्गज फुटबॉल क्लब मोहन बागान में गोयनका ग्रुप की हिस्सेदारी है। अल्टिमेट टेबल टेनिस लीग में भी इस ग्रुप ने कोलकाता की टीम खरीदी है।

इकाना स्टोडियम होगा लखनऊ का होम ग्राउंड

इकाना स्टेडियम में पिछले कुछ समय में काफी मैच हुए हैं। इस स्टेडियम को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम के नाम से भी जाना जाता है। इसमें करीब 50 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। बीसीसीआई ने जुलाई 2019 में इसे अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का भारत में तीसरा होम ग्राउंड घोषित किया था। 2019 में अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच हुए सभी मैचों की मेजबानी इसी मैदान को मिली थी। इसके अलावा मार्च में भारतीय महिला टीम और दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम के बीच हुए 5 वनडे और 3 टी-20 मैच भी इकाना स्टेडियम में ही कराए गए थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here