रीवा: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के रीवा (Rewa) के नजदीक नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें 15 लोगों की मौत (Death) हो चुकी है। 40 से ज्यादा यात्री घायल हैं। राहगीरों की सूचना के बाद सोहागी पुलिस (Sohagi Police) मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को रेस्क्यू किया। गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस से त्योंथर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायलों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में पहुंचाया गया। हादसा नेशनल हाईवे-30 में मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश की सीमा से लगी सुहागी पहाड़ के पास हुआ है। जानकारी के अनुसार बस जबलपुर के रास्ते रीवा होकर इलाहाबाद जा रही थी। कटनी से बस में काफी लोग बैठे थे। वहीं इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रि ने हादसे पर गहरा दुख जताया है।