केजरीवाल का चन्नी पर तंज, बोले- दुनिया के पहले सीएम जो बाथरूम में भी लोगों से मिलते हैं

0
671

मुक्तसर। नेटवर्क न्यूज़। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को मुक्तसर में थे। इस दौरान एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं टीवी में चन्नी साहिब का इंटरव्यू सुन रहा था। इंटरव्यू में वे कहते हैं कि मैं 24 घंटे जनता से मिलता रहता हूं। मेरे ड्राइंग रूम, बरामदे में लोग बैठे रहते हैं, बाथरूम में जाता हूं वहां मेरे साथ लोग आते हैं और मैं वहां भी लोगों से मिलता रहता हूं। उन्होंने चन्नी के इस बयान पर तंज कसते हुए कहा कि दुनिया के इतिहास में पहला सीएम होगा जो बाथरूम में भी लोगों से मिलता रहता है।
बादल के गढ़ में बोले, मगर बादल परिवार के खिलाफ कुछ नहीं कहा 
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पैतृक हलका लंबी के गांव खुडिड्यां में गुरुवार को आम आदमी पार्टी की चुनावी रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निशाने पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ही रहे। बादल के गढ़ में केजरीवाल ने बादल परिवार के खिलाफ कुछ नहीं कहा। चन्नी पर खूब व्यंग्य भी कसे। केजरीवाल गांव खुड्डियां में आम आदमी पार्टी प्रत्याशी गुरमीत सिंह खुड्डियां के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित करने आए हुए थे।
केजरीवाल ने कहा कि 1966 में पंजाब बना था। पहले पंजाब और हरियाणा एक ही सूबा होते थे। तबसे अब तक 25 वर्ष कांग्रेस ने राज्य किया। 19 वर्ष शिअद ने राज किया। वे सिर्फ पांच वर्ष मांगते हैं। अगर आप की सरकार पसंद न आए तो अगली बार हटा देना। कांग्रेस व शिअद ने इतने वर्षों में कुछ नहीं किया तो अगले पांच वर्षों में ये क्या करेंगे। पंजाब के लोग खुद सोचें दिल्ली के लोग लगातार बार-बार दिल्ली में आप की सरकार क्यों बनाते हैं क्योंकि वहां विकास हुआ है। एक बार पंजाब के लोग भी मौका दो तो गारंटी है कि आगे से सभी पार्टियों को भूल जाओगे।
कांग्रेस पार्टी बनी सर्कस, इतिहास की सबसे नौटंकीबाज सरकार  
चन्नी पर बरसते हुए केजरीवाल ने कहा कि चन्नी ने कांग्रेस का बिल्कुल मजाक बना दिया। कांग्रेस सर्कस बन गई है। सिद्धू की चन्नी से नहीं बनती। चन्नी की जाखड़ से नहीं बनती। जाखड़ की प्रताप बाजवा से नहीं बनती, प्रताप की फतेहजंग बाजवा से नहीं बनती। कैबिनेट मीटिंग में सभी कांग्रेसी मुक्कम-मुक्का हो जाते हैं। ऐसे में कैसे पंजाब कांग्रेस लोगों का भविष्य सुधारेगी। पंजाब की सबसे भ्रष्ट सरकार कांग्रेस है। इन्हें पता है कांग्रेस सरकार जाने वाली है तो सभी ऊपर से नीचे लेकर कमाने में लगे हैं। चन्नी के हलके के अंदर रेत चोरी हो रही है। ऐसा हो सकता है कि मुख्यमंत्री को न पता होगा। मुख्यमंत्री खुद चोरी करवा रहे होंगे तभी तो चोरी हो रही।

उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में कैप्टन ने खूब झूठे वादे किए। नौकरी, बुढ़ापा पेंशन, स्मार्ट फोन देने, कर्ज माफी के वादे। मगर एक भी वादा पूरा न किया। कांग्रेस को लगने लगा कैप्टन हार जाएंगे तो तीन माह पहले चन्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। चन्नी ने भी नए-नए एलान करने शुरू कर दिए हैं। भारत के इतिहास में इससे बड़ी नौटंकीबाज सरकार आज तक नहीं देखी।
पंजाब में होने चाहिए दिल्ली जैसे स्कूल
केजरीवाल ने कहा कि लोगों को सोचना है कि उन्हें गिल्ली-डंडा खेलने वाली सरकार चाहिए या अच्छे स्कूल, अस्पताल बनाने वाली। केजरीवाल बोले कि जब कांग्रेस ने सारा खजाना लूटकर खाली कर दिया तब उन्हें खजाना खाली होने की चिंता नहीं थी। अब जब आप ने महिलाओं व बेटियों को एक-एक हजार रुपये देने का एलान किया है तो वे खजाना खाली हो जाने की बात करते हैं। पंजाब पर तीन लाख करोड़ रुपये का कर्जा है। ये सभी इन पार्टियों की ही देन है। जबकि आज दिल्ली सरकार कर्जामुक्त है। जब वे पहली बार मुख्यमंत्री बने थे तब दिल्ली सरकार पर भी कर्ज था। आप की सरकार बनने पर आम आदमी का पैसा नेताओं के स्विस बैंक में जाने के बजाय आम लोगों की जेब में जाएगा। पंजाब के सरकारी स्कूल खंडहर बने पड़े हैं। जबकि पंजाब में दिल्ली जैसे स्कूल होने चाहिए। दिल्ली जैसे अस्पताल होने चाहिएं जहां गरीबों को मुफ्त इलाज व विद्यार्थियों को मुफ्त शिक्षा मिल सके। केजरीवाल ने कहा कि चन्नी अनुसूचित भाईचारे के नाम पर वोट मांग रहे हैं। वे कहते हैं चन्नी अनुसूचित भाईचारे के भाई हो सकते हैं, मगर केजरीवाल सभी के परिवार का हिस्सा है। चन्नी पंजाब के लोगों की युवा पीढ़ी व बच्चों का भविष्य नहीं सुधार सकते। आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुधारना है तो आप को चुनें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here