जालंधर में अमृतसर का तस्कर गिरफ्तार:अर्बन क्रूजर कार से 55 किलो अफीम बरामद; विदेश में बैठे साथी ने भिजवाया था नशा; एक साथी फरार

0
747

जालंधर। न्यूज़ डेस्क। पंजाब पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जालंधर से एक बड़े अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिससे 55 किलो अफीम बरामद की गई थी। वह अर्बन क्रूजर कार में अफीम की तस्करी कर रहा था। हालांकि मौके से उसका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा। विदेश में बैठे दूसरे तस्कर ने उसके जरिए यह अफीम भिजवाई थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ में जुटी है।

DGP इकबालप्रीत सहोता ने बताया कि जालंधर रूरल पुलिस के CIA विंग ने करतारपुर-किशनपुरा रोड पर नाकाबंदी कर रखी थी। चेकिंग के दौरान एक टोयटा अर्बन क्रूजर कार को तलाशी के लिए रोका गया। उसमें से पुलिस को अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने कार सवार तस्कर युद्धवीर सिंह उर्फ जोधा निवासी देवीदासपुर, जंडियाला गुरू, अमृतसर को गिरफ्तार कर लिया। मौके से उसका साथी पलविंदर सिंह उर्फ सन्नी निवासी अमृतसर फरार होने में कामयाब रहा।

विदेश में बैठे कुख्यात तस्कर नवप्रीत नव ने भिजवाई थी खेप

DGP ने बताया कि शुरूआती जांच में युद्धवीर ने बताया कि अफीम की यह खेप उसे कुख्यात तस्कर नवप्रीत सिंह उर्फ नव निवासी वजीर भुल्लर (ब्यास) ने भिजवाई थी। नवप्रीत नव इस वक्त विदेश में रह रहा है। वह वहीं से अपने साथियों के जरिए हेरोइन और अफीम तस्करी का नेटवर्क चला रहा है। नवप्रीत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के कई केस दर्ज हैं। वह फिल्लौर में हुए चिंटू हत्याकांड में भी वांटेड है।

दिल्ली में पकड़ी 300 किलो हेरोइन से भी कनेक्शन

कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस के स्पेशल सैल ने 300 किलो हेरोइन पकड़ी थी। उसमें भी नवप्रीत नव का नाम सामने आया था। जालंधर रूरल पुलिस के SSP सतिंदर सिंह ने बताया कि पकड़े गए तस्कर युद्धवीर पर भी पहले केस दर्ज हैं, जिनमें वह वांटेड था। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here