हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के संगठन में भी शामिल होंगे युवा चेहरे, उम्रदराज नेताओं के टिकट पर संकट

0
256

शिमला : मिशन-2022 की तैयारियों में जुटी प्रदेश कांग्रेस में जल्द बड़ा बदलाव होने वाला है। प्रदेश कांग्रेस का विस्तार कर संगठन में युवा चेहरों को शामिल किया जाएगा। युवा कांग्रेस व एनएसयूआइ में बेहतर काम कर चुके नेताओं को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में स्थान दिया जाएगा। कुछ जिलों के अध्यक्षों को भी इसमें स्थान दिया जाएगा। उनके स्थान पर जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी नए लोगों को दी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस में उम्रदराज नेताओं की संगठन में भूमिका भी बदली जाएगी। उदयपुर में हुए चिंतन शिविर से निकले फार्मूले के बाद कांग्रेस के कई वरिष्ठ व उम्रदराज नेताओं की टिकट कट सकती है।

विधानसभा चुनाव में पार्टी इन नेताओं के स्थान पर युवाओं व महिलाओं को मैदान में उतारेगी। जिन विधानसभा सीटों पर पार्टी लगातार चुनाव हार रही है, वहां पर भी टिकट बदले जाएंगे।

प्रतिभा सिंह ने दिल्ली में सोनिया गांधी से की मुलाकात

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बुधवार को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश की ताजा राजनीतिक गतिविधियों से उन्हें अवगत करवाया। साथ ही संगठन की आगामी रणनीति के बारे में भी जानकारी दी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाना एकमात्र लक्ष्य है। हाईकमान ने जो निर्देश दिए हैं, उसके अनुसार कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के विकास माडल के नाम पर पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी। प्रदेश में सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं की रैलियों को लेकर जल्द फैसला लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here