मैंने उनके लिए कटु शब्द कहे, शर्मिंदा हूं! स्मिता पाटिल को लेकर बोल पड़ी थीं शबाना आज़मी, ‘मुझसे बहुत गलतियां हुईं’

0
468

मुंबई। फ़िल्मी जगत। जब भी आर्ट सिनेमा की बात होती है शबाना आजमी और स्मिता पाटिल का नाम सबसे पहले लिया जाता है। दोनों ने आर्ट सिनेमा को एक नया मुकाम दिया। स्मिता पाटिल और शबाना आज़मी के परिवारों के बीच अच्छी दोस्ती थी लेकिन दोनों अभिनेत्रियां एक-दूसरे को पसंद नहीं करती थीं। उस दौर में दोनों के बीच की तल्खी खूब सुर्खियां बटोरती थीं। हालांकि बाद के वर्षों में शबाना आजमी ने कहा था कि स्मिता पाटिल और उनके बीच दोस्ती हो सकती थी लेकिन उन्होंने बहुत गलतियां की, स्मिता के बारे में भला-बुरा कहा।

शबाना आजमी ने कोमल नाहटा को दिए एक इंटरव्यू में ये बातें कही थीं। उन्होंने कहा था, ‘हम दोनों के बीच मे राइवलरी थी। अफसोस की बात है कि राइवलरी थी क्योंकि हम दोनों एक जैसे बैकग्राउंड से आए थे। उनके माता-पिता भी सोशलिस्ट मूवमेंट से जुड़े थे, मेरे माता-पिता भी। श्याम बेनेगल के साथ उनकी शुरुआत हुई थी, मेरी भी। हम लोग इतने मिलते-जुलते थे कि होना तो ये चाहिए था कि हमारी बहुत अच्छी दोस्ती हो।’

शबाना आजमी ने आगे कहा था, ‘मुझे ऐसा लगता है कि मुझसे बहुत गलती हुई। मैंने उनके लिए कटु शब्द भी कहे जिसके लिए मैं बहुत शर्मिंदा हूं। और मैंने उसको स्वीकार भी किया कि मुझे ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए थी। लेकिन फिर उसे मीडिया ने बहुत ज्यादा बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया।’

शबाना आज़मी ने आगे बताया कि स्मिता पाटिल ने एक बार उनकी मां को अपना कमरा दे दिया था। दरअसल स्मिता पाटिल फिल्म ‘बाजार’ की शूटिंग कर रहीं थीं और किसी होटल के ठहरीं थीं। इस फिल्म में शबाना आजमी की मां एक छोटा सा रोल कर रहीं थीं। जब स्मिता पाटिल ने सुना कि शबाना आज़मी की मां होटल में आ रहीं हैं तो उनके लिए आप कामरा छोड़ दिया था और होटल के दूसरे कमरे में जाकर वो रुकीं थीं। स्मिता पाटिल के निधन के बाद शबाना आजमी उनके माता-पिता के बेहद करीब हो गई थीं और वो उन्हें अपनी बेटी मानने लगे थे।

स्मिता पाटिल और शबाना आज़मी ने मशहूर फिल्म ‘अर्थ’ में साथ काम किया था। इस फिल्म के दौरान स्मिता पाटिल डायरेक्टर महेश भट्ट से नाराज़ हो गई थीं। फिल्म की शूटिंग के बाद एडिटिंग के दौरान उनके कुछ महत्वपूर्ण सीन काट दिए गए थे और उनके किरदार को कम महत्व दिया गया था। स्मिता को लगा था कि महेश भट्ट शबाना आज़मी के अच्छे दोस्त हैं इसलिए उनके साथ ऐसा हुआ। इस विवाद के कारण स्मिता पाटिल और महेश भट्ट में बातचीत बंद हो गई थी। हालांकि बाद में दोनों के रिश्ते ठीक हो गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here