श्रीलंकाई नौसेना के जहाज पर भागते व्यक्ति का वीडियो वायरल, राष्ट्रपति के भागने का दावा

0
242

कोलंबो: श्रीलंका में भारी बवाल चल रहा है। शनिवार को लोगों ने गुस्से में राष्ट्रपति आवास का घेराव किया। लोगों की भीड़ को देखते हुए कोलंबो में राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे (Gotabaya Rajapaksa) अपना आवास छोड़ कर भागने को मजबूर हो गए। प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रपति को एक दिन पहले शुक्रवार को ही निकाल लिया गया था। अब सूत्रों के हवाले से एक खबर आ रही है कि राष्ट्रपति नौसेना के जहाज से देश छोड़कर भाग चुके हैं। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जब तक हालात शांत नहीं होते तब तक राष्ट्रपति जहाज के जरिए समुद्र में ही रहेंगे।

इस बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे सामान लेकर भागे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि श्रीलंका नौसेना के जहाज गजबाहु (Gajabahu) पर दो लोग सूटकेस लेकर जा रहे हैं।कोलंबो में हार्बर मास्टर ने बंदरगाह से दो जहाजों के रवाना होने की पुष्टि की है। बता दें कि मार्च से ही राजपक्षे के इस्तीफे की मांग हो रही थी। अप्रैल की शुरुआत में प्रदर्शनकारियों ने उनके कार्यालय पर कब्जा कर लिया था, जिसके बाद वह राष्ट्रपति भवन को अपने आवास और कार्यालय के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे।

प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन और उनके कार्यालय दोनों पर ही कब्जा कर लिया है। राष्ट्रपति के ठिकाने अज्ञात हैं,  एक चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक श्रीलंका के कोलंबो बंदरगाह पर नौसेना के जहाज गजबाहु में सामान लादा गया है। आगे बताया गया कि हार्बर मास्टर के मुताबिक नौसेना के जहाज SLNS सिंधुराला (Sindurala) और SLNS गजबाहु में लोगों का एक ग्रुप चढ़ा है। दोनों जहाज बंदरगाह से रवाना हो गए। जहाज पर कौन चढ़ा इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here