महम : हिसार छावनी से अपने पैतृक गांव जोहड़-बागपत वापिस लौट रहे एक सैनिक परिवार हादसे का शिकार हो गया। हादसे में सैनिक की गर्भवती पत्नी की मौत हो गई। जबकि सैनिक व उसकी 4 वर्षीय बेटी भी हादसे में घायल हुई है। हिसार छावनी में सैनिक विकुल छुट्टी लेकर पत्नी प्रिंयका तोमर व बेटी सहित सायं एक आर से अपने घर जोहड़ी-बागपत उत्तर प्रदेश लौट रहा था।
कार सवार सैनिक परिवार सहित महम के बाईपास होते हुए रोहतक रोड पर कुछ ही दूर चला था। अज्ञात कारणों के चलते गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर एक आयल पम्प के पास हाईवे पर ही पलट गई और रोड किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे कार सवार प्रियंका तोमर को गंभीर चोटें आई। जबकि हादसे में विकुल व मासूम बेटी भी घायल हो गई। हादसे की सूचना मिलते हुए पुलिस पी.सी.आर. मौके पर पहुंची और एंबुलैंस से उन्हें तत्काल पी.जी.आई.एम.एस. रोहतक भेजा गया। लेकिन गर्भवती प्रिंयका तोमर ने हादसे में लगी चोटों की वजह से बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने हादसे के संबंध में केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।