ग्रेट खली ( दिलीप सिंह राणा)  के भाजपा में शामिल होने से हिमाचल की राजनीति में मची ‘खलबली’

0
398

नई दिल्ली। न्यूज़ डेस्क। दिलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली के भाजपा में शामिल होने से हिमाचल प्रदेश की राजनीति में खलबली मच गई है। भाजपा ने इससे न केवल पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले वहां कांग्रेस को झटका देने का प्रयास किया है, बल्कि इस घटना से आगामी हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव भी लक्षित किए हैं। खली हिमाचल भाजपा के चुनाव प्रचार के लिए भी उपयोगी साबित होंगे। हालांकि, दिल्ली में भाजपा ज्वाइन करने के बाद अपने गृह क्षेत्र शिलाई से विधानसभा चुनाव लड़ने से उन्होंने साफ इंकार किया है। जिला सिरमौर की तहसील शिलाई की नैनीधार पंचायत के धिराइना गांव के निवासी डब्ल्यूडब्ल्यूई के पूर्व स्टार दलीप सिंह उर्फ द ग्रेट खली गुरुवार को नई दिल्ली में भाजपा में शामिल हुए तो इससे प्रदेश में खूब सियासी हलचल रही।

विश्वविख्यात द ग्रेट खली से जब पूछा कि पहले वह किसान आंदोलन के समर्थन में थे और कृषि बिलों का भी विरोध कर मोदी सरकार के फैसले को गलत बता रहे थे, अब अचानक भाजपा के साथ क्यों हो गए? इस पर खली बोले कि उन्होंने तब एक पक्ष देखा था, मोदी सभी पक्षों को जानते हैं। मोदी कभी किसी का गलत नहीं सोचते हैं। उनको गलत और सही का पता है। अब तो बहुत से किसान भी भाजपा के समर्थन में आ गए हैं। उन्हें मोदी अच्छे लगते हैं। क्या शिलाई से अगला विधानसभा चुनाव लड़ना चाह रहे हैं? इस पर खली बोले कि वह कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे, जो चुनाव लड़ रहे हैं, उन्हें सपोर्ट करेंगे।
खली के भाजपा में आने से हिमाचल में पार्टी को लाभ मिलेगा। कई खिताब जीतने वाली विश्वविख्यात शख्सियत द ग्रेट खली ने हिमाचल में भाजपा के मिशन रिपीट का संकेत दिया है। उनके भाजपा में आने से कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब मिला है। – सुरेश कश्यप, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश।

खली ने किसान कानूनों का विरोध किया था। अब उनकी राय कैसे बदल गई है। खली का हिमाचल में खेलों के लिए क्या योगदान रहा है। डब्ल्यूडब्ल्यूई तो मनोरंजन का खेल है, उन्होंने ओलंपिक में कोई पदक नहीं जीता है। उनके भाजपा में शामिल होने का अगले चुनाव में कोई फ र्क नहीं पड़ने वाला है। -कुलदीप सिंह राठौर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here