लूटपाट व झपटमारी करने वाले गिरोह के 7 सदस्यों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
517

लुधियाना : लुधियाना में चोरी, लूटपाट व झपटमारी करने वाले गिरोह के 7 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि दो लोग फरार हैं। आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करके शुक्रवार उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां से रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है। चंडीगढ़ रोड के सेक्टर 39 के एक मकान में चोरी करने के लिए घुसे चोर को रंगे हाथ काबू कर लिया गया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। थाना मोती नगर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज करके फरार आरोपित की तलाश शुरू की है। एएसआइ कुलदीप सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित ईडब्ल्यूएस कालोनी निवासी सुनील कुमार है। पुलिस ने कनाल रोड के साउथा सिटी निवासी सचिन कपूर की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। वीरवार वो वहां चक्कर लगाने के लिए गया तो दोनों आरोपित दरवाजा खोल कर अंदर घुसे हुए थे। उसे देख कर दोनों बाहर की और भागे। उनमें से एक को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

मुंडियां कलां स्थित एक्सिज बैंक के एटीएम से निकल रहे व्यक्ति के हाथ से नगदी छीन कर भाग रहे बदमाश को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। उसकी जम कर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है। एएसआइ गुरमीत सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान मुंडियां कलां निवासी अंकुश के रूप में हुई। पुलिस ने जीटीबी नगर की गली नंबर-2 निवासी परमजीत सिंह की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि वीरवार वो एटीएम से 1500 रुपये निकलवा कर बाहर निकल रहा था कि उसी समय वहां आए बदमाश ने उसके हाथ से पैसे छीने और भागने लगा। उसके शोर मचाने पर जमा हुए लोगों ने उसे काबू कर लिया।

थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने लूटपाट व चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एएसआइ विजय कुमार ने बताया कि उनकी पहचान बिहार के जिला सीतामढ़ी के गांव मलही निवासी अलताफ तथा तौसीफ के रूप में हुई। उनके एक अन्य साथी की पुलिस को तलाश है। पुलिस ने नूरवाला रोड की बैंक कालोनी निवासी निजाम अंसारी की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि फांबड़ा रोड पर उसका खोखा है। 8 और 19 अप्रैल की रात उसका खाेखा तोड़ कर आरोपितों ने बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, भुजिया व अन्य सामान के दर्जनों पैकेट चोरी कर लिए। पड़ताल के दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। विजय कुमार ने बताया कि आरोपित लूटपाट की भी वारदातें करते हैं।

राहों रोड इलाके में खड़े जंगलात विभाग के ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करके फरार हो रहे आरोपित काे लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया। अब थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। एएसआई राधे श्याम ने बताया कि उसकी पहचान राहों रोड की चंद्र लोक कालोनी निवासी गगनदीप सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने जालंधर गांव मौ साहिब निवासी गुरमीत सिंह की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि वो जंगलात विभाग में डेली वेज पर नौकरी करता है। 22 अप्रैल को वो फिरोजपुर रोड स्थित डिवीजनल आफिस से सामान खरीदने के लिए राहों रोड आया था। वो जब सामान लेकर बाहर निकला तो देखा कि आरोपित ट्रैक्टर की बैटरी चुरा अपने स्कूटर पर रख कर फरार हो रहा था। जिसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।

सर्राफा बाजार में दुकान से सोने की दो अंगुठियां चोरी करके फरार हुए आरोपित को थाना डिवीजन नंबर 4 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की दोनों अंगूठियां भी बरामद कर ली गईं। एएसआई डिंपल ने बताया कि आराेपित की पहचान संगीत सिनेमा के पीछे एसएएस नगर निवासी राहुल वर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने किचलू नगर निवासी साहिल धीर की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 20 अप्रैल को उसकी दुकान पर अंगूठी खरीदने के बहाने आया आरोपित दो अंगुठियां चोरी कर ले गया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर उसकी करतूत का पता चलने के बाद उसके नौकर ने आरोपित का पीछा किया, मगर वो उसे धक्का मार कर फरार हो गया।

थाना लाडोवाल पुलिस ने चोरी का मोटरसाइइकिल व बैटरी बेचने के लिए निकले चोर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मोटरसाइकिल व बैटरी बरामद हुई। एएसआइ प्रशोत्तम लाल ने बताया कि आरोपित की पहचान भौरा कालोनी की गली नंबर 4 निवासी गुरिंदर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव फतेहपुर के मोड़ पर की गई नाकाबंदी के दौरान उसे काबू किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here