मूसेवाला हत्याकांड: पंजाब पुलिस की Hit List में कुस्सा और रूपा

0
320

चंडीगढ़ : दिल्ली पुलिस के स्पैशल सैल ने पंजाब पुलिस की उच्चाधिकारियों से भरी भारी-भरकम टीम को एक बार फिर पछाड़ दिया है। सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में पंजाब पुलिस जहां गाडिय़ां, रेकी और लोकल सपोर्ट देने वालों को ही पकड़ पाई है, वहीं दिल्ली पुलिस ने मर्डर में शामिल मुख्य शूटरों में से 2 को गिरफ्तार कर लिया है।

अब पंजाब पुलिस पर प्रैशर बढ़ गया है, क्योंकि वारदात में शामिल रहे दूसरे 2 शूटर पंजाब के ही मनु कुस्सा व रूपा अभी तक हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं। दिल्ली पुलिस के एक्शन के बाद अब पंजाब पुलिस का पूरा फोकस दोनों को पकडऩे पर है। हालांकि पंजाब पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि यह अलग बात है कि प्रियव्रत फौजी की गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस द्वारा की गई है लेकिन प्रियव्रत फौजी मूसेवाला की हत्या के मामले में शामिल था, इसका खुलासा पंजाब पुलिस की जांच के दौरान ही हुआ था और पंजाब पुलिस द्वारा ही सी.सी.टी.वी. फुटेज से इसे पुख्ता भी किया गया था।

ध्यान रहे कि मूसेवाला मर्डर केस में अब तक पंजाब पुलिस की एस.आई.टी., दिल्ली पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की गई छानबीन व धरपकड़ के बाद यह सामने आया था कि हत्या के लिए मुख्य रूप से 4 शूटरों ने गोलियां चलाई थीं, जिनमें सोनीपत का रहने वाला प्रियव्रत उर्फ फौजी, उसका साथी अंकित, मोगा के गांव कुस्सा का रहने वाला मनु कुस्सा और अमृतसर के नजदीक का रहने वाला जगरूप सिंह उर्फ रूपा शामिल था। हालांकि दिल्ली पुलिस ने सोमवार को दावा किया है कि शूटरों में प्रियव्रत के साथ कशिश भी शामिल था, जिसे वारदात से पहले फतेहाबाद में उसी बोलैरो गाड़ी में तेल भरवाते देखा गया था, जहां प्रियव्रत को देखा गया था। उधर, दिल्ली पुलिस द्वारा गुजरात के मुंद्रा से की गई उक्त गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद पंजाब पुलिस ने अपनी टीमों को सूचित कर दिया है कि मनु कुस्सा और रूपा को ट्रेस करने की तरफ ध्यान लगाया जाए और जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्त में लिया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here