लुधियाना सिविल अस्पताल से बच्ची चोरी : बाथरूम में थी मां; नानी की गोद में थी, महिला ने बेटी को जाकर संभालने की बात कह बच्ची ली और भाग गई

0
457

लुधियाना। न्यूज़ डेस्क। सिविल अस्पताल के नजदीक प्रेम नगर एरिया की महिला से 15 दिन की बच्ची लेकर महिला फरार हो गई। महिला ने बहाने से बच्ची को उसकी नानी से लिया था। पुलिस सिविल अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। बच्ची की नानी के बताए हुलिये के हिसाब से बच्चा चोर महिला का स्केच बनाया जा रहा है।

प्रेम नगर निवासी नरिंदर कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी रानी ने 15 दिन पहले बेटी को जन्म दिया था। सर्जरी से डिलीवरी के बाद पत्नी और बच्ची को छुट्टी दिलाकर घर ले गए थे। घर आने के बाद 11 दिन पहले उसकी पत्नी के टांके हिल गए और उसे सिविल अस्पताल लेकर आए। उसकी पत्नी को जच्चा बच्चा वार्ड में दूसरी मंजिल पर भर्ती किया गया। दोपहर को वह घर से खाना लाने गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी बाथरूम गई तो उसकी सास ने बच्ची को गोदी में उठा रखा था।

अस्पताल वार्ड में खड़ी महिला ने उसकी सास को कहा कि कहीं बेटी बाथरूम में गिर न जाए आप उसे देखो और बच्ची मुझे पकड़ा दो। जैसे ही मां और बेटी बाथरूम से बाहर आईं तो उन्हें वह महिला नहीं मिली। कुछ समय तक उसे इधर-उधर देखते रहे, मगर नहीं मिली। तभी महिला ने शोर मचा दिया और वहां आसपास के लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल स्टाफ से पूछताछ कर सीसीटीवी कैमरे चेक किए।

अस्पताल से पहले भी हो चुके हैं बच्चे चोरी

इससे पहले भी सिविल अस्पताल से बच्चे चोरी होने के मामले सामने आ चुके हैं। एक साल पहले भी यहां से बच्चा चोरी हुआ था। इसके बाद जच्चा-बच्चा वार्ड में तैनात सफाई मुलाजिमों को गिरफ्तार भी किया और बाद में सस्पेंड कर दिया था। अस्पताल से दोबारा यह बच्चा चोरी होने के बाद सेहत विभाग और पुलिस विभाग में हडकंप मचा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here