मशहूर हस्तियों पर रेप का आरोप:दाऊद के गुर्गे की पत्नी ने पुलिस को शिकायत दी, इसमें क्रिकेटर हार्दिक पंड्या और मुनाफ पटेल का भी नाम

0
366

होशियारपुर। न्यूज़ डेस्क। दाऊद इब्राहिम के कथित गुर्गे रियाज भाटी की पत्नी ने अपने पति और देश के कई हाईप्रोफाइल लोगों के खिलाफ रेप का आरोप लगाया है। उन्होंने मुंबई के सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में 24 सितंबर को एक शिकायत दर्ज करवाई है। हालांकि, पुलिस ने अब तक उनकी शिकायत पर FIR नहीं दर्ज की है।

महिला ने जिन लोगों पर आरोप लगाया है, उनमें क्रिकेटर मुनाफ पटेल और हार्दिक पंड्या, कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला और पृथ्वीराज कोठारी नाम का शख्स शामिल है। महिला ने अपनी शिकायत में चारों के नाम के साथ किसी जगह का नाम या तारीख का जिक्र नहीं किया है, जहां उनके साथ रेप हुआ।

पुलिस पर केस दर्ज न करने का आरोप

रियाज की पत्नी ने पंड्या और पटेल की पहचान, जहां क्रिकेटर के तौर पर बताई है, वहीं शुक्ला को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का पूर्व अध्यक्ष बताया है। अपनी अर्जी में उसने कोठारी के बारे में कोई ब्यौरा नहीं दिया है। उन्होंने एक मीडिया संस्थान को बताया कि वह सराफा कारोबारी है।

उसने कहा कि मैं पुलिस के पास FIR दर्ज कराने की कोशिश कर रही हूं, लेकिन वे ऐसा नहीं कर रहे हैं। मैंने सितंबर में अर्जी दी थी, लेकिन अब नवंबर हो चुका है। मैंने कई बार इस पर पुलिस अधिकारियों से जानकारी पाने की कोशिश की। मुझे इसके बदले में कुछ पैसे देने को कहा गया था, लेकिन मैं भ्रष्टाचार क्यों फैलाऊं? मैं अपनी जगह पर सही हूं। अपराधी तो वो लोग हैं। मुंबई पुलिस ने भी माना है कि एक अर्जी आई तो है, लेकिन उन्होंने कहा कि उनके पास ‘फिलहाल कोई और ब्यौरा नहीं है।’

भाटी पर दर्ज हैं कई केस

रियाज भाटी पर कथित तौर पर जबरन वसूली, जालसाजी और जमीन हथियाने के कई मामले दर्ज हैं। मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख परमबीर सिंह के खिलाफ रंगदारी की FIR में भी उसका नाम दर्ज है। भाटी पर बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वझे के इशारे पर बार और रेस्तरां मालिकों से रंगदारी वसूलने का भी आरोप है।

महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने रियाज भाटी पर आरोप लगाया था कि वह दो पासपोर्ट के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया था और पूर्व मुख्यमंत्री के कहने पर उसे कुछ दिन बाद छोड़ दिया गया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here