
जालंधर : भाजपा की 2 दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक राज्य में पुन: अकाली-भाजपा सरकार कायम करके हैट्रिक का इतिहास रचने का आह्वान देते हुए संपन्न हो गई। प्रदेश कार्यकारिणी के दूसरे दिन राष्ट्रीय महामंत्री संगठन श्री राम लाल जी विशेष तौर पर उपस्थित हुए। प्रदेश भाजपा नेताओं द्वारा श्री राम लाल जी का स्वागत किया गया। दूसरे दिन की कार्यकारिणी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार हुआ है कि केंद्र सरकार ने किसानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सबसे अधिक बजट रखा है। इसी तरह ही सेहत बीमा योजना के तहत हर परिवार का 1 लाख का बीमा, सबसिडी सीधे किसानों के खाते में, ग्रामीण महिलाओं के लिए गैस कनैक्शन देने सहित दलितों की भलाई के लिए बड़ी योजनाओं को अंजाम दिया गया है, जो कि पिछली सरकारें कभी नहीं कर सकीं। कैबिनेट मंत्री मदन मोहन मित्तल ने पंजाब सरकार द्वारा गत समय के दौरान की कारगुजारी के बारे विस्तार से बताया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा प्रदेश भाजपा प्रभारी प्रभात झा ने कहा कि भाजपा एक अनुशासन में बंधी हुई पार्टी है। उन्होंने कहा कि इस अनुशासन की बदौलत ही पार्टी ने केंद्र सहित अनेकों राज्यों में अपनी सरकारें कायम की हैं।